हरदोई। पाली के खानू शंकरपुर गांव निवासी गोविंद राजपूत और आलोक राजपूत एक ही खानदान के हैं। दोनों के मकान भी गांव में पास ही हैं। गोविंद के मकान के पास में पांच बिसवा खेत है। इस खेत पर गोविंद काबिज है। बीते दिनों आलोक ने इस जमीन पर अपना दावा कर दिया। 18 अप्रैल को पुलिस और लेखपाल की मौजूदगी में पैमाइश कराई गई। जमीन आलोक के नाम निकली तो कब्जा भी उसे सौंप दिया गया।
इसके कारण आलोक और गोविंद के बीच रंजिश हो गई। इसी खेत में एक पेड़ भी है। बुधवार की सुबह लगभग आठ बजे पेड़ की एक डाल को आलोक ने काट दिया। इस पर गोविंद ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों से लाठी डंडे और ईंट पत्थर चल गए। घटना में गोविंद और उसका भाई अजय, अजय की पत्नी रूबी और मां सहित सात लोग घायल हो गए।
दूसरे पक्ष से आलोक, उसकी पत्नी प्रियंका और ताई पुष्पा समेत नौ लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने छह एंबुलेंसों से घायलों को पीएचसी भेजा। थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि पेड़ की डाल काटने को लेकर विवाद हुआ है। बीती 20 अप्रैल को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों को पेड़ न काटने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद डाल काटे जाने पर विवाद हुआ है।

+ There are no comments
Add yours