जिलाधिकारी ने राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

1 min read

   फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने जनपद के अमृतपुर तहसील स्थित "राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र" का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय में मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, दवा वितरण व्यवस्था, साफ-सफाई, आपातकालीन सेवाओं तथा विभिन्न अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया।
   जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती एवं उपचार हेतु आए मरीजों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं एवं दवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए।
   निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने, आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी स्वास्थ्य सेवाओं को शासन की मंशा के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। अनुपस्थित अथवा कार्य में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
   जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। इसके लिए सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी पूरी संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
   निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours