दावत होटल में पुलिस का छापा,मचा हड़कंप,मोबाइल जब्त होने पर महिलाओं ने काटा हंगामा

1 min read


कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र स्थित एक होटल में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी अचानक होटल पहुंच गए। पुलिस ने होटल के कमरों की तलाशी ली। कार्रवाई के बाद वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके मोबाइल फोन अपने साथ ले गई, जिससे वे काफी देर तक परेशान रहीं। हालांकि स्थानीय पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई गोरखपुर से आई टीम ने एक युवती की बरामदगी के सिलसिले में की थी।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत सुकरौली के जुलानिया कट से करीब 200 मीटर पश्चिम स्थित दावत होटल में मंगलवार करीब तीन बजे अचानक पुलिस पहुंची। पुलिस ने होटल के कई कमरों की तलाशी ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान होटल में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों का कहना है कि एक युवती छत से कूदकर भाग गई, जबकि कुछ अन्य लोग पीछे की ओर झाड़ियों के रास्ते निकल गए।
होटल में मौजूद दो युवतियों और एक महिला ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि वे केवल खाना खाने आई थीं। उनका आरोप है कि पुलिस ने बिना उनकी बात सुने उनके मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना आधार कार्ड भी दिखाया, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। महिलाओं का कहना था कि मोबाइल में ही उनका ऑनलाइन भुगतान और अन्य जरूरी जानकारी मौजूद है, जिसके बिना उन्हें घर लौटने और दैनिक जरूरतें पूरी करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने अपना पता गोरखपुर बताया।
स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इस होटल को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रही हैं और कुछ लोग यहां अनैतिक गतिविधियां होने का आरोप लगाते रहे हैं। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से मौके पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।
मौके पर मौजूद स्थानीय पुलिसकर्मियों ने बताया कि कार्रवाई बाहरी टीम ने की थी। उनके अनुसार गोरखपुर से आई पुलिस एक युवती की तलाश और बरामदगी के मामले में होटल पहुंची थी।
उधर, मीडिया के पहुंचने के बाद पुलिस टीम होटल परिसर से हट गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक करीब 200 मीटर दूर पुलिस बल तैनात दिखाई दिया और एक पुलिस वाहन होटल के सामने भी खड़ा था।
इस पूरे मामले पर हाटा कोतवाल दीपक सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई गोरखपुर पुलिस टीम द्वारा एक लड़की की बरामदगी के संबंध में की गई थी। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours