फतेहगढ़/फर्रुखाबाद। जनपद में प्रस्तावित होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ ने की। इस दौरान अभिलेख सत्यापन (डीवी) एवं शारीरिक मानक/दक्षता परीक्षण (पीएसटी) की तैयारियों का विस्तार से जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा, अभिलेखों के सत्यापन, शारीरिक परीक्षण, ड्यूटी निर्धारण, अनुशासन व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में शासन की मंशा के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता की कोई गुंजाइश न रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों एवं समयबद्ध कार्यक्रम के अनुसार सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
बैठक में यह भी जोर दिया गया कि संपूर्ण प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराकर योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित किया जाए। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि भर्ती प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।


+ There are no comments
Add yours