मोहम्मदाबाद/फर्रुखाबाद।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मोहम्मदाबाद नगर इकाई के अध्यक्ष पद पर युवा व्यापारी दीपांशु गुप्ता की नियुक्ति की घोषणा की। यह निर्णय संगठन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों की सर्वसम्मति से लिया गया। नियुक्ति के अवसर पर दीपांशु गुप्ता को नियुक्ति पत्र सौंपकर फूलमाला पहनाई गई और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री रविकांत गुप्ता, फर्रुखाबाद नगर अध्यक्ष अंकित गुप्ता, महामंत्री विवेक गुप्ता, सौरव गुप्ता, पंकज गुप्ता, अनिल गुप्ता, अभिषेक वर्मा, विजय सक्सेना सहित अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने विश्वास जताया कि दीपांशु गुप्ता के नेतृत्व में मोहम्मदाबाद नगर इकाई और अधिक सक्रिय होगी तथा व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती के साथ प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा।
नवनियुक्त नगर अध्यक्ष दीपांशु गुप्ता से शीघ्र ही नगर कार्यकारिणी का गठन करने का आग्रह किया गया, ताकि संगठन की गतिविधियों को प्रत्येक व्यापारी तक पहुंचाया जा सके। पदाधिकारियों ने कहा कि जिले की सभी नगर एवं तहसील इकाइयों के गठन के बाद फर्रुखाबाद मुख्यालय पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का एक विशाल व्यापारी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी शामिल होकर व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष शंभू दयाल कौशल एवं रोहित गोयल, प्रदेश मंत्री संजय गर्ग, जिला अध्यक्ष उमेश गुप्ता, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण वर्मा, जिला महामंत्री रविकांत गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, कायमगंज नगर अध्यक्ष रोहित गुप्ता सहित अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, जिला फर्रुखाबाद के सभी पदाधिकारियों ने दीपांशु गुप्ता को नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान कराना, उनके अधिकारों की रक्षा करना तथा व्यापारिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है। उन्होंने सभी व्यापारियों से संगठन से जुड़कर इसे और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया, ताकि व्यापारी वर्ग की आवाज शासन-प्रशासन तक मजबूती के साथ पहुंच सके।


+ There are no comments
Add yours