फर्रुखाबाद जनपद की कायमगंज कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोवध अधिनियम के मामले में वांछित और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश ‘चंदा उर्फ चाँद मियां’ को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार के अनुसार, कुछ दिन पहले कायमगंज क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने की घटना सामने आई थी। इसी मामले में इनामी आरोपी चंदा को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने आलाकत्ल (घटना में प्रयुक्त हथियार) मीरपुर के जंगल में छिपाने की बात कबूली थी।
जब पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने जंगल में गई, तो उसने पुलिस की गिरफ्त से छूटकर भागने की कोशिश की। आरोपी ने झाड़ियों में छिपाकर रखे एक अवैध 315 बोर के तमंचे से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी चंदा के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत सीएचसी कायमगंज ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर निम्नलिखित चीजें बरामद की हैं:
👉 1 अवैध 315 बोर तमंचा
👉 1 जिंदा कारतूस और 2 खोखा कारतूस
👉 1 बांका और 1 छुरी (आलाकत्ल)
पुलिस फिलहाल आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और आगे की पूछताछ जारी है।


+ There are no comments
Add yours