खाद्य व औषधि कारोबारियों के लिए आज होगी विशेष कार्यशाला, प्रशिक्षण के साथ मिलेगा निःशुल्क प्रमाण पत्र

1 min read

फर्रुखाबाद/ उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग द्वारा शनिवार 18 जुलाई को सुबह 11:30 बजे ठंडी सड़क स्थित नवभारत सभा भवन में खाद्य एवं औषधि कारोबारियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा, औषधि संबंधी नियमों, लाइसेंस प्रक्रिया तथा विभागीय प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देना है।

कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत शामिल होंगे। विभाग ने जिले के सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, मिठाई, बेकरी, डेयरी, किराना, खाद्य पदार्थ विक्रेता तथा मेडिकल स्टोर संचालकों सहित खाद्य एवं औषधि व्यवसाय से जुड़े सभी व्यापारियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रशिक्षण का लाभ उठाने की अपील की है।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियों के साथ एक प्रशिक्षण किट भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही विभाग की ओर से निःशुल्क प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। व्यापारियों को अपने साथ आधार कार्ड की एक छायाप्रति तथा एक पासपोर्ट आकार का फोटो लाने के लिए कहा गया है। व्यापार मंडल पदाधिकारियों का कहना है कि भविष्य में सरकार द्वारा इस प्रकार के प्रमाण पत्र को अनिवार्य किए जाने की संभावना है, ऐसे में अभी निःशुल्क प्रमाण पत्र प्राप्त कर लेने से आगे लाइसेंस संबंधी औपचारिकताओं में सुविधा होगी और अतिरिक्त खर्च से भी बचा जा सकेगा।

कायमगंज क्षेत्र के व्यापारियों की सुविधा के लिए विभाग द्वारा बस की व्यवस्था भी की गई है। बस सुबह 9:30 बजे कायमगंज से निर्धारित स्थान (ट्रांसपोर्ट के निकट) से रवाना होगी और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रतिभागियों को वापस उसी स्थान पर छोड़ेगी। कार्यशाला में आने वाले सभी व्यापारियों के लिए विभाग द्वारा नाश्ता एवं भोजन की भी व्यवस्था की गई है।

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष उमेश गुप्ता, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण वर्मा तथा नगर अध्यक्ष रोहित गुप्ता ने जिले एवं विशेष रूप से कायमगंज क्षेत्र के सभी खाद्य एवं औषधि कारोबारियों से समय पर पहुंचकर प्रशिक्षण में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला व्यापारियों को कानूनों की जानकारी देने के साथ-साथ भविष्य में व्यवसाय संचालन को और अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours