बाढ़ के पानी ने बदली राह, हाईवे पर बुझ गया 11 वर्षीय अनूप का जीवन

1 min read

अमृतपुर। बाढ़ के पानी से बदले रास्ते और हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर एक मासूम की जिंदगी लील गया। भुड्डनपुर की मड़ैया निवासी 11 वर्षीय अनूप शनिवार को इटावा-बरेली हाईवे पर तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मासूम ने दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया। मृतक के पिता ने चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दो साल के छोटे भाई को छोड़ गया अनूप

अनूप दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई अभी महज दो वर्ष का है। परिवार को बेटे से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक हुए हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां रीता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में मातम पसरा है और हर किसी की आंखें नम हैं।

बाढ़ ने बदली राह, हादसे ने छीन ली जिंदगी

ग्रामीणों के मुताबिक बाढ़ के पानी के कारण आवागमन के रास्तों में बदलाव हुआ है और कई स्थानों पर लोगों को हाईवे की ओर से गुजरना पड़ रहा है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे का खतरा भी बढ़ गया है। अनूप के साथ हुई घटना ने एक बार फिर हाईवे पर गति नियंत्रण और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। मासूम की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours