पेमेंट लेने निकला दवा विक्रेता सुबह रेलवे ट्रैक किनारे मृत मिला, पास पड़ा था तमंचा!

1 min read

अंडरगारमेंट में मिला 35 वर्षीय अमन शुक्ला का शव, पीठ पर खून के निशान; हत्या, आत्महत्या या हादसा—हर एंगल पर जांच

फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के हथियापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे लाइन के किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान मोहल्ला खड़ियाई निवासी अरविंद शुक्ला के 35 वर्षीय पुत्र अमन शुक्ला के रूप में हुई। अमन पेशे से दवा विक्रेता था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

रेलवे ट्रैक के पास पड़ा मिला 315 बोर का तमंचा

मौके पर पुलिस की जांच के दौरान रेलवे ट्रैक के स्लीपर के पास 315 बोर का तमंचा भी मिला। बताया गया कि तमंचे की मूठ पर लाल रंग का धागा बंधा हुआ था। वहीं शव के शरीर पर केवल अंडरगारमेंट था और पीठ पर खून के निशान दिखाई दिए। इन परिस्थितियों ने घटना को और संदिग्ध बना दिया है। पुलिस ने तमंचे समेत घटनास्थल से मिले अन्य संभावित साक्ष्यों को जांच के दायरे में लिया है।

रात नौ बजे पेमेंट लेने की बात कहकर निकला था घर से

परिजनों के मुताबिक मंगलवार रात करीब नौ बजे अमन घर से पेमेंट लेने की बात कहकर निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह रेलवे लाइन के किनारे उसका शव मिलने की खबर ने परिवार को झकझोर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज

सूचना पर थानाध्यक्ष अजब सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

अमन की मौत को लेकर परिवार और स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। तमंचा घटनास्थल तक कैसे पहुंचा, अमन की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह रेलवे लाइन के किनारे कैसे पहुंचा—इन सवालों के जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आने की उम्मीद है। मृतक के दो भाई और दो बहनें हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours