तिलहर/शाहजहाँपुर
शाहजहांपुर जनपद के तिलहर तहसील परिसर में महा के प्रथम शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भंवरे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
इस दौरान अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। प्राप्त शिकायतों में भूमि विवाद, राजस्व संबंधी प्रकरण, पुलिस सहायता, पारिवारिक विवाद, पेंशन, विद्युत एवं जलापूर्ति से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।
कुल 35 फरियादी अपनी समस्या अधिकारियों के पास लेकर पहुंचे जिसमें से 10 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली। शेष शिकायतों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित किया जाए। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने पुलिस से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट धर्मेंद्र यादव


+ There are no comments
Add yours