किसानों की समस्याओं पर गरजे कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य, अफसरों को दो टूक—समयबद्ध हो समस्याओं का समाधान

1 min read

फर्रुखाबाद। किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान, कृषि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और आधुनिक तकनीकों को खेतों तक पहुंचाने को लेकर कृषक समृद्धि आयोग ने सोमवार को अधिकारियों के साथ मंथन किया। उत्तर प्रदेश शासन में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य श्री कुलजीत सिंह ने जनपद भ्रमण के दौरान कृषि एवं इससे जुड़े विभागों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उनका नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

24 अगस्त 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक में उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, सिंचाई, नलकूप, लघु सिंचाई, पशुपालन, उद्यान, मंडी, खाद्य एवं विपणन तथा सहकारिता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान सदस्य ने कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और किसान हितैषी कार्यक्रमों की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि किसानों को योजनाओं की जानकारी केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र किसानों को वास्तविक लाभ दिलाया जाए। किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण कृषि निवेश, फसल सुरक्षा और कृषि से जुड़ी नवीनतम जानकारियां उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

किसानों की समस्या सुनना अफसरों की पहली प्राथमिकता

कुलजीत सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान अपनी समस्या लेकर कार्यालयों के चक्कर न काटें। उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचना चाहिए, ताकि किसानों की आय, उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि हो सके।

गौशाला पहुंचकर पशुओं की व्यवस्था परखी

जनपद भ्रमण के दौरान कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य ने गौशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां भूसा, दाना और गोवंश के स्वास्थ्य से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा गोवंश को गुड़ खिलाया। पशुओं के रखरखाव और बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

खाद की दुकानों पर जांच, स्टॉक रजिस्टर भी खंगाला

कुलजीत सिंह ने सहकारी समिति बरौन एवं फुटकर उर्वरक बिक्री केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर और उर्वरक की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा जाजपुर बांगर कृषि फार्म में भ्रमण कर वहां वृक्षारोपण किया गया। उन्होंने राजकीय बीज गोदाम मोहम्मदाबाद और हाईटेक नर्सरी कृषि विज्ञान परिसर का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

खाद भंडारों में अभिलेख पूरे न मिले तो नोटिस के निर्देश

निरीक्षण के दौरान राहुल खाद भंडार, टपरी सड़क तथा श्री शक्ति खाद भंडार की दुकानों का भी जायजा लिया गया। अभिलेखों के पूर्ण न होने के संबंध में सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद की उपलब्धता और किसानों को उर्वरक की आपूर्ति व्यवस्था पर भी जानकारी ली।

किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता

समीक्षा के दौरान कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय में वृद्धि, कृषि उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कृषक समृद्धि आयोग का उद्देश्य किसानों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से शासन के समक्ष रखना तथा उनके हित में आवश्यक सुझाव और नीतिगत पहल को आगे बढ़ाना है।

उन्होंने किसानों से अपील की कि सरकार द्वारा संचालित कृषि एवं कृषक कल्याण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours