फर्रुखाबाद/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत फर्रुखाबाद में दीपों का भव्य आयोजन किया गया। शाम ढलते ही फतेहगढ़ के स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम से लेकर पांचाल घाट तक दीपों की रोशनी ने शहर को रोशन कर दिया। हजारों दीपों से तैयार की गई भारत के नक्शे की आकृति आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
फतेहगढ़ स्थित स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में 21 हजार दीप प्रज्वलित कर भारत के नक्शे की भव्य आकृति बनाई गई। जैसे-जैसे अंधेरा बढ़ा, वैसे-वैसे दीपों की रोशनी और निखरती गई। स्टेडियम में एक साथ जलते हजारों दीपों का दृश्य लोगों को अपनी ओर खींचता रहा। भारत के नक्शे के रूप में सजे दीपों ने पूरे आयोजन को खास बना दिया।
गंगा आरती के बाद पांचाल घाट पर जले 5 हजार दीप
इससे पहले पांचाल घाट पर शाम करीब 6:30 बजे गंगा आरती का आयोजन हुआ। विधिवत गंगा आरती के बाद घाट पर 5 हजार दीप जलाए गए। दीपों से सजा गंगा तट बेहद आकर्षक नजर आया। श्रद्धालुओं और मौजूद लोगों ने भी दीप प्रज्वलित कर आयोजन में सहभागिता की। गंगा की लहरों के बीच टिमटिमाते दीपों का नजारा देर शाम तक लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
एक दिन में ढाई लाख दीपों से रोशन हुआ जिला
सेवा संकल्प अभियान के तहत केवल स्टेडियम और गंगा घाट ही नहीं, बल्कि जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और सामुदायिक केंद्रों समेत कई स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया। जिला प्रशासन के अनुसार, प्रशासन और पार्टी प्रतिनिधियों के समन्वय से जिलेभर में एक ही दिन में करीब 2 लाख 50 हजार दीप प्रज्वलित किए गए।
दिनभर चला सेवा और जनकल्याण का सिलसिला
दीपोत्सव के साथ ही दिनभर विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। जगह-जगह स्वच्छता अभियान चलाया गया। रक्तदान शिविर लगाए गए और अस्पतालों में मरीजों को फल व मिष्ठान वितरित किया गया। दिव्यांग लाभार्थियों को सहायक उपकरण दिए गए, जबकि कारीगरों को टूलकिट और ऋण स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
शाम को जब शहर की सड़कों और प्रमुख स्थलों पर रोशनी दिखाई देने लगी तो दीपोत्सव का माहौल और भी भव्य हो गया। भारत के नक्शे की 21 हजार दीपों से बनी आकृति, पांचाल घाट पर 5 हजार दीप और जिलेभर में करीब ढाई लाख दीपों का प्रज्वलन आयोजन की भव्यता को दर्शाता रहा।
फर्रुखाबाद में दीपों की रोशनी, गंगा आरती और भारत की भव्य दीपमयी आकृति ने सेवा संकल्प अभियान को यादगार बना दिया।


+ There are no comments
Add yours