बूढ़ी गंगा पुलिया पर दो बाइकों की भिड़ंत, नौ माह की गर्भवती महिला गंभीर

1 min read

शमशाबाद/फर्रुखाबाद। बूढ़ी गंगा पुलिया के पास गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर से हड़कंप मच गया। हादसे में नौ माह की गर्भवती महिला फराह और उसके पति माजिद समेत दूसरी बाइक सवार किशोर घायल हो गए। गर्भवती महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत समयचीपुर चितार निवासी माजिद अपनी नौ माह की गर्भवती पत्नी फराह को शमशाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दवा दिलाकर बाइक से घर लौट रहे थे। बताया गया कि बूढ़ी गंगा पुलिया के पास सामने से ढाईघाट की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक चिलसरा निवासी 16 वर्षीय किशोर अंशुल कुमार चला रहा था।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसा होते ही मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने घायलों को तत्काल शमशाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

सीएचसी में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीम अंसारी और उनकी टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। गर्भवती फराह के पेट समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें बताई गई हैं। महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए तथा सीएचसी में महिला चिकित्सक उपलब्ध न होने के कारण चिकित्सकों ने उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया। वहीं घायल पति माजिद का उपचार शमशाबाद सीएचसी में जारी बताया गया है।

हादसे के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। परिजन घायल महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की सलामती को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours