अजय बिश्नोई संयोजक तो मंजीत चौरसिया बने अध्यक्ष, जिला संगठन के पदाधिकारियों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से हुआ कार्यकारिणी का गठन
कमालगंज/ दवा कारोबारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाने और उनके हितों की आवाज को संगठित करने की दिशा में कमालगंज में केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संगठन एसोसिएशन की नई इकाई का गठन किया गया। आजाद नगर स्थित कमालगंज में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में जिले के पदाधिकारियों की मौजूदगी में दवा व्यापारियों ने संगठन की मजबूती, व्यापार से जुड़ी समस्याओं और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन किया। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से नवीन कार्यकारिणी का गठन कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में जिला संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष विनय रस्तोगी ने संगठन को मजबूत बनाने और दवा व्यापारियों के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया। जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृज किशोर दुबे, जिला कोषाध्यक्ष राजेश दीक्षित, सचिव विवेक अग्रवाल, मीडिया प्रभारी मनोज जौहरी और मंत्री अभिषेक मिश्रा ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर विचार रखे।
सर्वसम्मति से चुनी गई कमालगंज की नई कार्यकारिणी
बैठक में सदस्यों की सहमति से अजय बिश्नोई को संयोजक, मंजीत चौरसिया को अध्यक्ष, दिलीप बिश्नोई को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शिवम दुबे को महामंत्री, असगर खान को मंत्री, संजीव बिश्नोई को कोषाध्यक्ष तथा मोहम्मद मुजीब उर्फ बबलू को प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवीन कार्यकारिणी के गठन के बाद मौजूद दवा व्यापारियों ने सभी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। पदाधिकारियों ने भी संगठन की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाने और दवा कारोबारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का भरोसा दिलाया।
दवा व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि दवा व्यापार से जुड़े कारोबारियों के सामने समय-समय पर विभिन्न प्रकार की समस्याएं आती रहती हैं। ऐसी समस्याओं के समाधान के लिए व्यापारियों का संगठित रहना बेहद जरूरी है। संगठन के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और विभागों के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा तथा उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन केवल पदों तक सीमित न रहकर दवा व्यापारियों के हित में सक्रिय रूप से काम करेगा। क्षेत्र के सभी केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट व्यापारियों को संगठन से जोड़ने तथा आपसी समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के दौरान माहौल उत्साहपूर्ण रहा। पदाधिकारियों और सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने, व्यापारियों के हितों की रक्षा करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में एकजुट होकर आवाज उठाने का संकल्प लिया। अंत में नवनियुक्त कार्यकारिणी ने सभी दवा व्यापारियों से संगठन से जुड़कर इसे और मजबूत बनाने की अपील की।


+ There are no comments
Add yours