किरन पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
कंपिल /फर्रुखाबाद/नगर के शकुंतला टीचर कॉलोनी के पास पाटिया लेन, कंपिल रोड स्थित किरन पब्लिक स्कूल में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के बीच धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित रंगारंग कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर शिक्षक-शिक्षिकाओं तक ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा, कृष्ण जन्म लीला के भावपूर्ण मंचन और डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. वीरेंद्र गंगवार, मैनेजर श्रीमती कल्पना गंगवार, एकेडमिक मैनेजर डॉ. उदित पटेल एवं खुशी पटेल ने मां सरस्वती और भगवान श्रीकृष्ण के चित्र के समक्ष संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ।
समारोह में किंडरगार्टन के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘राधा-कृष्ण फैंसी ड्रेस रैंप वॉक’ ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। मोरपंख से सजे मुकुट, पीतांबरी वस्त्र, हाथ में बांसुरी लिए कान्हा और सुंदर परिधान में सजी राधा के रूप में बच्चों ने अपनी मासूम अदाओं से खूब तालियां बटोरीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति देखकर अभिभावक और अतिथि भी उत्साहित नजर आए।
इसके बाद विद्यार्थियों ने ‘कृष्ण जन्म लीला’ का प्रभावशाली मंचन कर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनकी बाल लीलाओं को जीवंत कर दिया। वहीं ‘अरे द्वारपालों, कन्हैया से कह दो’ जैसे प्रसिद्ध प्रसंग की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंच पर बच्चों के अभिनय, संवाद और भाव-भंगिमाओं ने खूब प्रशंसा हासिल की।
कार्यक्रम में छात्रा नव्या ने अंग्रेजी में प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अलावा सदन-वार आयोजित एकल एवं सामूहिक डांडिया नृत्य प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में शानदार नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। रंग-बिरंगे परिधानों में बच्चों की सामूहिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। खास बात यह रही कि विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए मंच पर उतरे और विशेष नृत्य प्रस्तुति देकर जमकर तालियां बटोरीं।
‘आरती कुंज बिहारी की’ भजन की मधुर प्रस्तुति ने कार्यक्रम को भक्ति के रंग में रंग दिया। भजन की धुन सुनकर दर्शक दीर्घा में बैठे अतिथि, विद्यार्थी और विद्यालय परिवार तालियां बजाने लगे। कुछ ही पलों में पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. वीरेंद्र गंगवार ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कर्मयोग, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा के महत्व को समझाते हुए विद्यार्थियों से श्रीमद्भगवद्गीता के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय की मैनेजर श्रीमती कल्पना गंगवार ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कारों से जोड़ना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, निष्ठा और अनुशासन के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या राधिका नायर ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सुंदर वर्णन करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बच्चों से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों से सीख लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन छात्र सक्षम एवं अंजीथा जयन द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शैक्षिक गतिविधि प्रभारी विक्रान्त सिंह, अंजना जयन, कला एवं रचनात्मक प्रभारी शिवानी राठौर, आकांक्षा सैनी, आरजू गंगवार, सोशल मीडिया प्रभारी हिरा अंसारी एवं क्रीड़ा प्रभारी अल्पना यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर विद्यालय के कोऑर्डिनेटर जयन राजन, शिक्षक नीरज अग्निहोत्री, निखिल शाक्य, शाहरुख खान, अजमत अली, अतुल प्रताप, हरिद्वार द्विवेदी तथा शिक्षिकाएं अंजू बाथम, प्रगति सक्सेना, मंजू यादव, पूजा पाल, आशिका, पूनम, खुशी, पूजा सहित कार्यालय सहायिका फराह खान, लिपिक उमाकांत वर्मा एवं कंप्यूटर संचालक रवि कुमार समेत समस्त विद्यालय परिवार मौजूद रहा।
जन्माष्टमी महोत्सव ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच देने का काम किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर तालियों और जयकारों से गूंजता रहा।


+ There are no comments
Add yours