कायमगंज/फर्रुखाबाद
नेमिषारण्य धाम से पधारे पूज्य जगदाचार्य श्रीस्वामी उपेंद्रानंद महाराज ने कहा कि वर्तमान कलियुग में मनुष्य के लिए सत्संग और भगवान के नाम का निरंतर जप ही जीवन रूपी भवसागर से पार होने का सबसे सरल, श्रेष्ठ और प्रभावी मार्ग है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने जीवन में सत्संग को अपनाता है और प्रभु के नाम का स्मरण करता है, उसका जीवन स्वतः ही सद्मार्ग की ओर अग्रसर हो जाता है।
नगर स्थित सीपी सभागार में आयोजित भव्य सत्संग कार्यक्रम में पूज्य गुरुदेव का श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं और अंगवस्त्र भेंट कर भावपूर्ण स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रमुख समाजसेवी सत्यप्रकाश अग्रवाल, डॉ. मिथलेश अग्रवाल, लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, मोनिका अग्रवाल तथा रजनी गोयल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने गुरुदेव का सम्मान करते हुए आरती उतारी।
अपने ओजस्वी प्रवचन में जगदाचार्य श्रीस्वामी उपेंद्रानंद महाराज ने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में धर्म, सत्य और सदाचार का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कलियुग के विकारों से मुक्ति पाने के लिए ईश्वर की निरंतर आराधना और नाम जप अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वृंदावन के पूज्य संत प्रेमानंद महाराज का उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान के नाम का स्मरण ही आत्मिक शांति और मोक्ष का सबसे बड़ा साधन है।
गुरुदेव ने रामायण और महाभारत के अनेक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि मनुष्य यदि अपने जीवन में गुरु के बताए मार्ग का अनुसरण करे तो उसका जीवन सफल और सार्थक बन सकता है। सत्संग व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है तथा समाज में प्रेम, भाईचारे और संस्कारों को मजबूत बनाता है।
प्रवचन के उपरांत गुरुदेव की आरती संपन्न हुई और सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित भक्तों ने पूज्य गुरुदेव के श्रीचरणों में श्रद्धासुमन अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर लायंस क्लब के पदाधिकारियों एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में अतिशूल्य महाराज, स्वामी नारायणानंदजी महाराज, गोस्वामी महाराज, प्रह्लादनारायण अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, संजय बंसल, बबलू अग्रवाल, संजय गुप्ता, उमेश गुप्ता, विनोद गंगवार, लखपति सक्सेना, देवेंद्र दुबे, महेंद्र राजपूत, मनोज गंगवार, प्रधानाचार्य योगेश चंद्र तिवारी, आरके वाजपेयी, नवाब सिंह वर्मा, अशोक वर्मा, डॉ. मनोज तिवारी, सत्यनारायण अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगर के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण पूरे समय भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।


+ There are no comments
Add yours