जहरीला पदार्थ निगला या कुछ और था राज? विवाहिता की मौत पर बवाल, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

1 min read

पोस्टमार्टम में पेट और पीठ पर चोट के निशान मिलने से बढ़ा शक, मौत की वजह साफ न होने पर बिसरा सुरक्षित

कमालगंज/फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के गांव टड़ा नगला में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कहासुनी के बाद महिला ने कथित रूप से घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोगों के मौके से चले जाने से मामला और भी संदिग्ध हो गया। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने विवाहिता की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

मृतका की पहचान रीता देवी, पत्नी महावीर, निवासी टड़ा नगला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शनिवार को किसी बात को लेकर रीता और उसके पति के बीच विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद रीता की हालत बिगड़ने की जानकारी सामने आई। बताया गया कि उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया था। हालत खराब होने के बाद उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर रीता की बहन ममता गांव पहुंचीं। वहां ससुराल और मायके पक्ष के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान ससुराल पक्ष के लोग वहां से चले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार सुबह मृतका के पिता वीरेंद्र सिंह निवासी पिलकिया, थाना सरायप्रयाग, जनपद कन्नौज, अपने बेटों और अन्य ग्रामीणों के साथ टड़ा नगला पहुंचे। उन्होंने बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

रीता की मौत से उसके तीन छोटे बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों के अनुसार मृतका के बच्चों में सात वर्षीय अभी, पांच वर्षीय चिंकी और दो वर्षीय पिंकी शामिल हैं। मां की मौत के बाद तीनों मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना ने गांव में भी शोक का माहौल पैदा कर दिया।

पेट और पीठ पर मिले चोट के निशान

मामले की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामसहाय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चिकित्सक डॉ. अनुनय कुटार द्वारा किए गए पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के पेट और पीठ पर दो चोट के निशान पाए गए। हालांकि पोस्टमार्टम के दौरान मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका। इसके चलते चिकित्सक ने बिसरा सुरक्षित रख लिया है, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा।

जांच के बाद खुलेगा मौत का राज

थानाध्यक्ष रामसहाय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही विवाहिता की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मायके पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाहिता ने वास्तव में जहरीला पदार्थ खाया था या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह रही, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बिसरा जांच और पुलिस विवेचना पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours