घरेलू कलह ने लिया खौफनाक मोड़, पूर्व नायब सूबेदार की लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली; जवान ने खुद कार चलाकर पहुंचाया अस्पताल
फर्रुखाबाद। कादरीगेट थाना क्षेत्र के दीनदयाल मोहल्ले में शुक्रवार देर शाम घरेलू विवाद के दौरान ऐसा खौफनाक घटनाक्रम सामने आया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पति-पत्नी के बीच चल रही कहासुनी के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि पूर्व नायब सूबेदार ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली। इसी दौरान मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे सेना में तैनात बेटे पुष्पेंद्र को गोली लग गई। गोली उसकी जांघ को आर-पार करते हुए निकल गई।
जानकारी के मुताबिक दीनदयाल मोहल्ला निवासी पूर्व नायब सूबेदार नरवीर सिंह सोमवंशी का पत्नी पूनम से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। देखते ही देखते कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया। इसी बीच मां को बचाने के लिए उनका बेटा पुष्पेंद्र बीच में आ गया। आरोप है कि इसी दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चल गई और पुष्पेंद्र की जांघ में जा लगी। गोली लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गोली लगने के बाद भी नहीं डगमगाया जवान का हौसला
घटना के बाद घायल पुष्पेंद्र ने जिस साहस का परिचय दिया, वह भी चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया गया कि वह महज दो दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था। जांघ में गोली लगने और खून बहने के बावजूद उसने हिम्मत नहीं छोड़ी। पुष्पेंद्र खुद कार चलाकर करीब ढाई किलोमीटर दूर फतेहगढ़ स्थित मिलिट्री अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उसका उपचार शुरू किया।
चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल घायल जवान की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
गोली चलने की सूचना मिलते ही कादरीगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी।
पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता नरवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
घरेलू विवाद के बीच हुई इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि परिवार के भीतर बढ़ता तनाव किस तरह देखते ही देखते गंभीर और हिंसक रूप ले सकता है।


+ There are no comments
Add yours