फर्रुखाबाद/प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर जारी अलर्ट के बीच फर्रुखाबाद में स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता बढ़ गई है। डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण वाले चार संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए। अस्पताल में स्वाइन फ्लू की जांच के लिए पहली बार संदिग्ध मरीजों के नमूने लिए जाने से स्वास्थ्य महकमे में भी हलचल बढ़ गई है।
बताया गया कि शाम करीब तीन बजे लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी और महिला वार्ड में भर्ती मरीजों के सैंपल लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए कन्नौज मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। फिलहाल जिले में स्वाइन फ्लू का कोई मामला कन्फर्म नहीं हुआ है। स्वास्थ्य विभाग को अब जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक संदिग्ध मरीजों में दो बुजुर्ग भी शामिल हैं। इनमें एक बुजुर्ग काफी समय से बुखार से परेशान बताए गए हैं, जबकि एक युवक को बुखार के साथ सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी। वहीं महिला वार्ड में भर्ती शाहजहांपुर निवासी महिला को भी करीब एक महीने से बुखार की समस्या बनी हुई थी।
संदिग्ध मरीजों में बुखार, खांसी, जुकाम और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण पाए जाने के बाद चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू की आशंका को देखते हुए जांच कराने का निर्णय लिया। हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि केवल लक्षणों के आधार पर स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं की जा सकती। अंतिम स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
सीएमओ के निर्देश पर लिए गए सैंपल
सैंपल लेने वाले चिकित्सक डॉ. श्रेयस खंदूजा ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर संदिग्ध मरीजों के नमूने लिए गए हैं। चारों मरीजों को फिलहाल संदिग्ध मानते हुए उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मरीज स्वाइन फ्लू से संक्रमित हैं या नहीं।
रिपोर्ट पर टिकी निगाहें, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
स्वाइन फ्लू को लेकर प्रदेश में जारी अलर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में आने वाले मरीजों पर निगरानी बढ़ा दी है। लोहिया अस्पताल में चार संदिग्ध मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता और बढ़ गई है। फिलहाल जिले में किसी भी मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग एहतियात के तौर पर पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार, लगातार खांसी, जुकाम या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर लापरवाही न बरतें और तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें।


+ There are no comments
Add yours