फर्रुखाबाद/फतेहगढ़
कोतवाली क्षेत्र के भोलेपुर स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र में शाम अचानक हुए तेज विद्युत फाल्ट से अफरा-तफरी मच गई। कमालगंज फीडर की हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आने के बाद उपकेंद्र में भी जोरदार फाल्ट हो गया। इस दौरान निकली तेज चिंगारी और विद्युत की चपेट में आने से पांच कर्मचारी झुलस गए। हादसे के बाद उपकेंद्र परिसर में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि हेल्पर रामकेश लाइन से संबंधित कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एसएसओ सूरज भी उनके पास मौजूद थे। अचानक हाईटेंशन लाइन में तेज फाल्ट हुआ और देखते ही देखते चिंगारी कर्मचारियों की ओर जा गिरी। हादसे में रामकेश और सूरज समेत पांच कर्मचारी झुलस गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल स्थित लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया गया।
पांच कर्मचारी झुलसे
हादसे में 20 वर्षीय हेल्पर रामकेश, 30 वर्षीय एसएसओ सूरज, लाइनमैन चंदन कुमार, हिमांशु और जेई पंकज कुमार के झुलसने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी खलबली मच गई।
जेई पंकज कुमार के अनुसार, अचानक हुए तेज फाल्ट के दौरान निकली चिंगारी से कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए।
दो कर्मचारियों की हालत गंभीर, बर्न वार्ड में भर्ती
लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर रिशु अग्निहोत्री ने बताया कि दो लाइनमैन को प्राथमिक उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं एसएसओ सूरज और हेल्पर रामकेश गंभीर रूप से झुलसे हैं। दोनों को बर्न वार्ड में भर्ती कर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।
विद्युत उपकेंद्र जैसे संवेदनशील स्थान पर हुए इस हादसे ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि हादसा किस तकनीकी कारण से हुआ और इसमें सुरक्षा मानकों का कितना पालन हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।


+ There are no comments
Add yours