शटर उचकाकर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में धावा,तांबे के तार-पंखे समेट ले गए चोर

1 min read

खानपुर में रातोंरात लाखों का माल साफ होने से मचा हड़कंप, सीसीटीवी फुटेज में तलाशे जा रहे संदिग्ध
फर्रुखाबाद। कादरी गेट थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में चोरों ने सोमवार रात एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान का शटर उचकाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर दुकान से बड़ी मात्रा में तांबे के तार, नए तारों के पांच बंडल और मरम्मत के लिए रखे कई पंखे चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह दुकान का शटर टूटा मिलने पर घटना की जानकारी हुई तो इलाके में हड़कंप मच गया।
खानपुर निवासी मुकीम खान इलेक्ट्रॉनिक्स का कारोबार करते हैं और गांव में उनकी दो दुकानें हैं। सोमवार रात करीब आठ बजे वह रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब सात बजे पड़ोस में साइकिल की दुकान चलाने वाले व्यक्ति ने उन्हें दुकान का शटर टूटा होने की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही मुकीम खान दुकान पर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त था। जांच करने पर स्क्रैप किए हुए तांबे के तार से भरी एक बोरी, नए तारों के पांच बंडल तथा ग्राहकों के मरम्मत के लिए रखे कई पंखे गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
चोरी की जानकारी मिलते ही कादरी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने चोरों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि दुकान में चोरी की सूचना मिली है। घटना की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours