बिजली विभाग को शाम को ही दी गई थी सूचना, फिर भी नहीं जोड़ा गया तार — परिजनों में आक्रोश, डीएम से तत्काल कार्रवाई की मांग
कायमगंज। बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक महिला की जान ले ली। चिलांका निवासी रागिनी (25) पत्नी आनंद जाटव अपने मायके मीरपुर गई थी। बताया गया कि गांव में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार टूटकर जमीन पर पड़ा था। ग्रामीणों के अनुसार इसकी सूचना बिजली विभाग को शाम को ही दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद तार को दुरुस्त नहीं कराया गया।
सुबह रागिनी घर के दरवाजे के पास से निकल रही थी। इसी दौरान वह टूटे पड़े विद्युत तार की चपेट में आ गई और करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई। महिला के करंट से चिपकते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह डंडों की मदद से महिला को तार से अलग किया।
आनन-फानन में रागिनी को सीएचसी कायमगंज पहुंचाया गया, जहां मौजूद चिकित्सक डॉ. अमरेश ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश फैल गया।
शाम को सूचना, सुबह मौत—फिर भी नहीं जागा विभाग
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत तार टूटने की सूचना संबंधित बिजली अधिकारियों को पहले ही दे दी गई थी। इसके बावजूद तार को जोड़ने या मौके पर बिजली आपूर्ति बंद कराने की प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। यही लापरवाही सुबह एक परिवार के लिए जिंदगी भर का गम बन गई।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कई नंबर स्विच ऑफ बताए गए। जेई को फोन करने पर भी नंबर बंद बताया गया। इससे ग्रामीणों में और अधिक नाराजगी है।
डीएम तत्काल लें संज्ञान, जिम्मेदारों पर हो कार्रवाई
घटना को लेकर ग्रामीणों और मृतका के परिजनों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि टूटे तार की सूचना मिलने के बाद समय रहते विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाती और तार को दुरुस्त कराया जाता तो महिला की जान बच सकती थी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार बिजली अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही गांव में खुले पड़े और जर्जर विद्युत तारों की तत्काल जांच कराकर उन्हें सुरक्षित कराने की मांग भी की गई है।


+ There are no comments
Add yours