बिलावरपुर पुलिया के पास अचानक धंसी सड़क, 108 बोरी गेहूं के साथ पलटा वाहन; ग्रामीणों ने उठाए सड़क की गुणवत्ता पर सवाल
फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में मंगलवार को सड़क धंसने से बड़ा हादसा हो गया। महेंद्र गांव स्थित बिलावरपुर पुलिया के पास अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया। इससे 108 बोरी गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के दौरान ट्रैक्टर पर सवार चालक और गेहूं मालिक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
बताया गया कि शिकारपुर निवासी 22 वर्षीय चालक गोविंद ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं की बोरियां लेकर जोगेंद्र राजपूत के साथ अल्लाहगंज की ओर जा रहा था। बिलावरपुर पुलिया के पास पहुंचते ही अचानक सड़क धंस गई और भारी वजन से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजब सिंह के निर्देश पर उपनिरीक्षक राघवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लेखपाल कुलदीप राठौर ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकलवाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने सड़क धंसने की घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए पुलिया के पास बनी सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि सड़क की स्थिति की जल्द जांच कराकर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।
गनीमत रही कि हादसे में ट्रैक्टर सवार दोनों लोग समय रहते कूद गए और उनकी जान बच गई। सड़क धंसने से गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की घटना ने क्षेत्र में सड़क निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


+ There are no comments
Add yours