एक साथ उठी दो दोस्तों की अर्थी, गांव में मचा कोहराम

1 min read

पानी से भरे गड्ढे में डूबने से सूरज और मोनू की मौत, अंतिम यात्रा में छलक उठीं हर आंखें

कायमगंज। कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के कटरा रहमत खां गांव में गम का ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी को झकझोर दिया। रविवार को पानी से भरे गड्ढे में डूबने से जान गंवाने वाले दो मासूम दोस्त सूरज (12) और मोनू (10) के शव पोस्टमार्टम के बाद सोमवार शाम करीब चार बजे गांव पहुंचे। शव पहुंचते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।

बताया गया कि सूरज और मोनू के घर एक-दूसरे से महज करीब 20 मीटर की दूरी पर हैं। दोनों बचपन से ही गहरे दोस्त थे और अक्सर साथ खेलते तथा गांव में साथ घूमते दिखाई देते थे। रविवार को हुए हादसे ने अचानक दोनों परिवारों की खुशियां छीन लीं।

शव पहुंचते ही मची चीख-पुकार

शाम दोनों बच्चों के शव घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोगों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के बाद से दोनों परिवारों के घरों में चूल्हा तक नहीं जला। मासूम बेटों की मौत से परिवार गहरे सदमे में डूबे हुए हैं।

एक साथ निकली दोनों दोस्तों की अंतिम यात्रा

शाम करीब साढ़े पांच बजे जब सूरज और मोनू की अर्थियां एक साथ घरों से उठीं तो माहौल बेहद भावुक हो गया। दोनों परिवार अपने-अपने जिगर के टुकड़ों को अंतिम विदाई दे रहे थे, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण नम आंखों से उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। बचपन के दोनों दोस्तों की अंतिम यात्रा भी एक साथ निकली तो गांव का हर व्यक्ति इस दर्दनाक दृश्य को देखकर भावुक हो उठा।

मेहनत-मजदूरी कर परिवार पालते हैं पिता

बताया गया कि दोनों बच्चों के पिता मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई गई है। मासूम बेटों की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और दोनों मासूमों को अंतिम श्रद्धांजलि दी। देर शाम करीब साढ़े छह बजे बूढ़ी गंगा के पास दोनों दोस्तों का अंतिम संस्कार किया गया।

रविवार तक जो दो मासूम दोस्त एक साथ खेलते और घूमते थे, उनकी अंतिम यात्रा भी एक साथ निकली। एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए और पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours