तेज रफ्तार ने मचाया तांडव: दो बाइकों की भिड़ंत में 13 वर्षीय किशोर गंभीर, बड़े भाई की बची जान

1 min read

फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर मुराहस कन्हैया के पास मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 13 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद बड़ा भाई बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जहानगंज थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी शिवेंद्र का 13 वर्षीय पुत्र प्रशांत मंगलवार को अपने बड़े भाई अजीत के साथ बाइक से इटावा-बरेली हाईवे से जा रहा था। बताया गया कि मुराहस कन्हैया के पास पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अजीत को चोट नहीं आई।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल प्रशांत को उपचार के लिए जिला अस्पताल लोहिया की इमरजेंसी पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. रिशु अग्निहोत्री ने उसका प्राथमिक उपचार किया। किशोर की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। किशोर की हालत को लेकर परिवार में चिंता का माहौल बना हुआ है। वहीं हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours