कुमाऊँ से इस वक्त की बड़ी खबर…
हल्द्वानी के मंडी परिसर में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस का पुलिस ने महज़ 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है।
इस जघन्य हत्याकांड में शामिल गैंगस्टर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया।
पुलिस के मुताबिक, मंडी परिसर में शुभम उर्फ गोलू और 19 वर्षीय लक्ष्मी की पत्थरों से कुचलकर बेरहमी से हत्या की गई थी।
जांच में सामने आया है कि घटना से पहले आरोपी और दोनों मृतक साथ में मौजूद थे।
शराब के नशे में आपसी कहासुनी और कथित छेड़खानी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बात हिंसा तक पहुंच गई और चारों आरोपियों ने मिलकर दोनों की जान ले ली।
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर को गिरफ्तार किया है, जिस पर पहले से गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
उसके साथ ही
दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव,
दीपेश लटवाल,
और सौरभ भट्ट उर्फ भटिया
को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर, आरोपियों के मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महज़ 12 घंटे में पूरे केस को सुलझा लिया।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जल्द न्यायालय में पेश किया जाएगा।
हल्द्वानी का यह डबल मर्डर केस एक बार फिर यह दिखाता है कि शराब और आपसी विवाद किस तरह भयावह अपराधों को जन्म दे रहे हैं।
पुलिस ने साफ कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल इस बड़ी खबर पर हमारी नज़र बनी हुई है।
आगे की अपडेट्स के लिए देखते रहिए तस्वीर न्यूज़।


+ There are no comments
Add yours