एएसपी ग्रामीण ने थाना तिलहर का किया अर्धवार्षिक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण व महिला सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश

1 min read


तिलहर/ शाहजहांपुर
दीक्षा भंवरे अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने गुरुवार को थाना तिलहर का अर्धवार्षिक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अभिलेखीय व्यवस्था एवं महिला सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में तैनात पुलिस बल ने उन्हें विधिवत सलामी दी।
निरीक्षण के क्रम में एएसपी ग्रामीण ने थाना कार्यालय, मुहर्रिर कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, गैंगचार्ट, टॉप-10 अपराधियों की सूची तथा लंबित विवेचनाओं की प्रगति का परीक्षण किया। उन्होंने विवेचकों को निर्देश दिए कि सभी विवेचनाएं निष्पक्ष, साक्ष्य आधारित एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं। साथ ही महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, बैरक, भोजनालय, पेयजल व्यवस्था एवं साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव तथा सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर दिया। शस्त्रागार निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों से शस्त्रों की हैंडलिंग भी कराई गई।
महिला हेल्प डेस्क एवं महिला शक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपलब्ध सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों को पीड़ित महिलाओं व बच्चों की शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए गए।
एएसपी ग्रामीण ने वर्तमान कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थलों, आगामी त्योहारों एवं आयोजनों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी गश्त, पिकेट ड्यूटी और बीट पुलिसिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और आमजन से संवाद स्थापित करने पर भी विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकीदारों से वार्ता कर उन्हें उनके दायित्वों से अवगत कराया तथा पुलिस व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने थाना प्रभारी सहित समस्त पुलिस कर्मियों को अनुशासन, पारदर्शिता एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर थाना प्रभारी तिलहर सहित सभी उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी एवं अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट धर्मेंद्र यादव

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours