जिलाधिकारी ने स्टॉकिस्टों के भंडार की जांच के दिए निर्देश, बोलीं—जनपद में चीनी की कोई कमी नहीं
फर्रुखाबाद/ बाजार में चीनी के बढ़ते दामों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार शाम 4:30 बजे जिलाधिकारी महोदया की अध्यक्षता में चीनी की उपलब्धता और बाजार भाव को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, कायमगंज चीनी मिल के महाप्रबंधक समेत जनपद के 10 बड़े स्टॉकिस्ट मौजूद रहे।
बैठक में कायमगंज चीनी मिल के महाप्रबंधक ने बताया कि जनपद में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। जनपद में संचालित एकमात्र चीनी मिल भी पर्याप्त मात्रा में चीनी का भंडारण किए हुए है। वर्तमान में चीनी का थोक मूल्य करीब 5,900 रुपये प्रति क्विंटल बताया गया।
जिलाधिकारी ने बड़े स्टॉकिस्टों के पास उपलब्ध चीनी के स्टॉक की स्थिति की जानकारी ली। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि सभी बड़े स्टॉकिस्टों के पास भी पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है और उनका स्टॉक भारत सरकार द्वारा निर्धारित 4,000 क्विंटल की सीमा के भीतर है।
स्टॉक की वास्तविक स्थिति जांचने के लिए तीन बड़े स्टॉकिस्टों के यहां रेंडम जांच भी कराई गई। जांच में सभी का स्टॉक अनुमन्य सीमा के भीतर पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सभी स्टॉकिस्टों को प्रत्येक शुक्रवार अपने चीनी स्टॉक की जानकारी foodstock.dfpd.gov.in पोर्टल पर प्रदर्शित करनी होती है।
जिलाधिकारी ने सभी स्टॉकिस्टों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार अपने स्टॉक की जानकारी पोर्टल पर नियमित रूप से प्रदर्शित करें। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला खाद्य विभाग के अधिकारियों को संयुक्त टीम गठित कर स्टॉकिस्टों के यहां रेंडम जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी दशा में चीनी की जमाखोरी या कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी। यदि जांच के दौरान किसी व्यापारी द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक रखने अथवा अनियमितता किए जाने का मामला सामने आता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अंत में जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि जनपद में चीनी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। चीनी की कोई कमी नहीं है, इसलिए उपभोक्ता अनावश्यक रूप से अधिक मात्रा में चीनी खरीदकर घबराहट में खरीदारी न करें।


+ There are no comments
Add yours