फतेहगढ़ की पुलिस ने ट्रैक पर मचाया धमाल, दौड़ से लेकर हैमर थ्रो और साइकिलिंग तक बरसे पदक

1 min read

30वीं कानपुर जोन अंतरजनपदीय यूपी पुलिस एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता में मेजबान खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन

फतेहगढ़/ रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में चल रही 30वीं कानपुर जोन अंतरजनपदीय यूपी पुलिस एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग प्रतियोगिता-2026 में बुधवार को ट्रैक और मैदान पर खिलाड़ियों का जोश देखने लायक रहा। 16 सितंबर को हुई फाइनल स्पर्धाओं में पुलिसकर्मियों ने अपनी रफ्तार, ताकत और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि मेजबान फतेहगढ़ के खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं में बाजी मारते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। दौड़ हो, बाधा दौड़, वॉक, हैमर थ्रो, पोल वॉल्ट, त्रिकूद या फिर साइकिलिंग—कई मुकाबलों में फतेहगढ़ के खिलाड़ी छाए रहे।

स्टीपल चेज में नितिन ने मारी बाजी
3000 मीटर स्टीपल चेज में फतेहगढ़ के नितिन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। जालौन के शुभम दूसरे और फतेहगढ़ के सार्थक तीसरे स्थान पर रहे। 5 किलोमीटर दौड़ में जालौन के पवन प्रथम, शुभम कश्यप द्वितीय और फतेहगढ़ के रंजीत तृतीय रहे। 10 किलोमीटर दौड़ में भी जालौन के पवन ने बाजी मारी, जबकि कानपुर नगर के नारायण दूसरे और फतेहगढ़ के अनुज यादव तीसरे स्थान पर रहे।

वॉक और मैदान की स्पर्धाओं में भी फतेहगढ़ का दबदबा
20 किलोमीटर वॉक में फतेहगढ़ के कृष्णकांत ने पहला स्थान हासिल कर मेजबान जिले का मान बढ़ाया। कानपुर नगर के आनंद शर्मा दूसरे और ललितपुर के कुणाल सिंह तीसरे रहे। हैमर थ्रो में फतेहगढ़ के मुकेश बाजपेयी ने स्वर्णिम प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान पाया। झांसी के अनुराग दूसरे और फतेहगढ़ के किंग हिटलर तीसरे स्थान पर रहे। पोल वॉल्ट में भी मुकेश बाजपेयी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि कानपुर नगर के पंकज भाटी दूसरे और फतेहगढ़ के विपुल तीसरे रहे।

बाधा दौड़ में फतेहगढ़ के खिलाड़ियों ने मारी छलांग
110 मीटर बाधा दौड़ में फतेहगढ़ के इंद्रभान ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि फतेहगढ़ के ही कुणाल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर बाधा दौड़ में भी मेजबान खिलाड़ी चिराग ने पहला स्थान हासिल किया। झांसी के सौरभ दूसरे और कानपुर नगर के रितिक यादव तीसरे रहे। त्रिकूद में फतेहगढ़ के नवीन प्रथम और फतेहगढ़ के अनुज (सीपी 527) द्वितीय रहे, जबकि इटावा के ईशू पटेल तीसरे स्थान पर रहे।

200 मीटर में अजय ठाकुर की रफ्तार सबसे तेज
200 मीटर दौड़ में फतेहगढ़ के अजय ठाकुर ने सभी को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। कानपुर नगर के नारायण सिंह दूसरे और फतेहगढ़ के अजय गोविंद तीसरे रहे। हालांकि 400 मीटर दौड़ में कानपुर नगर के अभय नारायण ने पहला स्थान हासिल किया। कानपुर देहात के राजकुमार दूसरे और इटावा के आकाश जुरेल तीसरे रहे।

साइकिलिंग में भी फतेहगढ़ के खिलाड़ियों की धूम

साइकिलिंग मुकाबलों में भी मेजबान जिले के खिलाड़ियों ने अपनी ताकत दिखाई। 20 किलोमीटर साइकिलिंग में फतेहगढ़ के राजवेन्द्र ने पहला और विक्रम ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं 40 किलोमीटर साइकिलिंग में फतेहगढ़ के रंजीत ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी अपने नाम की। झांसी के मयंक रत्ना दूसरे रहे।

महिला खिलाड़ियों ने भी छोड़ी छाप

महिला वर्ग की स्पर्धाओं में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। 400 मीटर दौड़ में जालौन की अंशिका प्रथम, कन्नौज की ज्योति द्वितीय और फतेहगढ़ की ज्योति पंवार तृतीय रहीं। 10 किलोमीटर वॉक में कानपुर नगर की खुशबू ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि फतेहगढ़ की ज्योति पंवार दूसरे और कानपुर नगर की कुमकुम शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं।

हैमर थ्रो महिला वर्ग में फतेहगढ़ की प्रियंका ने पहला स्थान हासिल किया। कानपुर नगर की वर्षा शर्मा दूसरे और कानपुर देहात की सीमा पाल तीसरे स्थान पर रहीं। 15 किलोमीटर साइकिलिंग में इटावा की ललिता यादव प्रथम, फतेहगढ़ की विजय लक्ष्मी द्वितीय और जालौन की मीनाक्षी तृतीय रहीं। 100 मीटर दौड़ में जालौन की रपल प्रथम, फतेहगढ़ की वंदना द्वितीय और झांसी की शिवानी तृतीय रहीं। महिला त्रिकूद में फतेहगढ़ की मोनिका शर्मा ने पहला और फतेहगढ़ की प्रियंका ने दूसरा स्थान हासिल किया।

मेजबान खिलाड़ियों की लगातार पदक बरसात
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों के नतीजों ने साफ कर दिया कि फतेहगढ़ के पुलिस खिलाड़ी इस बार पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरे हैं। ट्रैक पर रफ्तार, मैदान में ताकत और साइकिलिंग में दमखम—हर मोर्चे पर मेजबान खिलाड़ियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। अलग-अलग स्पर्धाओं में मिले पदकों ने प्रतियोगिता में फतेहगढ़ की मजबूत उपस्थिति को और खास बना दिया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours