एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश लेकर मैदान में उतरीं विधायक सुरभि गंगवार, 10 एकड़ में हरियाली का संकल्प

1 min read

फर्रुखाबाद/ पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को नवाबगंज विकासखंड क्षेत्र के बेटा मुरलीधर गांव में ग्राम समाज की करीब 10 एकड़ भूमि पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं और पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विधायक ने पौधारोपण के साथ ही कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखने का माध्यम ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी हैं। उन्होंने लोगों से शासन की मंशा के अनुरूप ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण के प्रति लोगों को और अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी से देखभाल करे तो समाज में हरियाली का दायरा तेजी से बढ़ाया जा सकता है। पौधारोपण के साथ उसकी सुरक्षा और नियमित देखभाल भी उतनी ही जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान वन विभाग की टीम ने पौधारोपण अभियान में सहयोग किया। ग्रामीणों और ग्राम प्रधान ने भी पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सहभागिता की। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को पौधों की देखभाल के लिए प्रेरित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।

इस मौके पर कायमगंज रेंजर राजेश कुमार, ग्राम प्रधान, ग्रामवासी सहित वन विभाग की टीम मौजूद रही। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में भी पौधारोपण को लेकर उत्साह दिखाई दिया और क्षेत्र को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया गया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours