पुलिया के नीचे बाढ़ के पानी में मिला युवक का शव, रात से था लापता

0 min read

शमसाबाद /फर्रुखाबाद शमसाबाद थाना क्षेत्र के चिलसरा गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब फर्रुखाबाद संपर्क मार्ग पर पुलिया के नीचे बाढ़ के पानी में एक युवक का शव पड़ा मिला। सड़क से करीब आठ फीट नीचे ईंटों पर युवक का शव मुंह के बल पड़ा था। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे कुछ लोगों की नजर पुलिया के नीचे पड़े शव पर गई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। सूचना पुलिस को दी गई। करीब छह बजे मृतक की पत्नी हलीमा भी मौके पर पहुंचीं और शव की पहचान अपने पति कमाल मियां (करीब 40 वर्ष) के रूप में की।

कमाल मियां मूल रूप से कासगंज जिले के गढ़का गांव के रहने वाले थे। वह पिछले करीब एक वर्ष से अपनी पत्नी और छह बच्चों के साथ चिलसरा गांव में रह रहे थे। बताया गया कि वह दिल्ली में मजदूरी करते थे और रविवार सुबह ही दिल्ली से घर लौटे थे।

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार शाम खाना खाने के बाद कमाल मियां घर से बाहर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। सोमवार सुबह पुलिया के नीचे उनका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।

ग्रामीणों ने बताया कि कमाल मियां को शराब पीने की आदत थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि रविवार रात वह पुलिया के पास पहुंचे होंगे और नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से करीब आठ फीट नीचे गिर गए होंगे। हालांकि, यह केवल प्रारंभिक आशंका है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सूचना मिलने के बाद करीब 7:30 बजे शमसाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours