हरदोई। अतरौली थाना क्षेत्र में अमर ईंट भट्ठे पर एक किशोर मजदूर की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान सनी के रूप में हुई है। घटना अतरौली-माल मार्ग स्थित नेवादा गांव के पास हुई।
किशोर मजदूर एक दिन पहले ही भट्ठे पर काम करने आया था। वह दोपहर में काम से विश्राम लेकर सड़क किनारे पेड़ की छांव में बैठा था। इसी दौरान एक ट्रैक्टर चालक ने पीछे की ओर वाहन लेते समय मिट्टी भरने वाली मशीन (पखमेल) से किशोर को कुचल दिया। घटना के बाद भट्ठे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के एक घंटे बाद तक पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन केवल तहरीर का इंतजार करती रही। ट्रैक्टर और पखमेल मशीन घटनास्थल पर ही खड़ी रही। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि भट्ठे पर बड़ी संख्या में नाबालिगों से मजदूरी कराई जा रही है। यह बाल श्रम कानून का खुला उल्लंघन है। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

+ There are no comments
Add yours