मथुरा एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा: बस से बाथरूम करने के लिए उतरे यात्रियों को कंटेनर ने कुचला, 6 की मौत – एक गंभीर घायल
मथुरा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के करीब 2:45 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से कानपुर जा रही स्लीपर बस के कुछ यात्री बीच रास्ते में बाथरूम करने के लिए उतरकर खड़े थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने बस को टक्कर मारते हुए यात्रियों को कुचल दिया। इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
बस ड्राइवर ने ग्रीन ज़ोन छोड़ सड़क पर रोकी बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस दिल्ली के नागलोई से कानपुर देहात के रसूलाबाद जा रही थी। रास्ते में कुछ यात्रियों ने बाथरूम के लिए बस रुकवाने को कहा। ड्राइवर ने निर्धारित ग्रीन ज़ोन या सुरक्षित जगह पर बस रोकने की बजाय सड़क किनारे ही बस रोक दी। इसी दौरान कुछ यात्री बस से उतरकर नीचे खड़े हो गए और तभी तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मचा चीख-पुकार, चालक फरार
कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को रौंद दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। कंटेनर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जाम और रेस्क्यू ऑपरेशन, शव पोस्टमार्टम को भेजे
हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। यह हादसा मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के पास हुआ। पुलिस फरार कंटेनर चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
मृतकों की पहचान, अलग-अलग जिलों के थे सभी
मृतकों में सभी पुरुष थे और उनकी पहचान हो चुकी है। इनमें औरैया निवासी 32 वर्षीय सोनू, बस्ती निवासी 32 वर्षीय देवेश, कन्नौज निवासी 27 वर्षीय असलम, दिल्ली 46 वर्षीय संतोष और फिरोजाबाद निवासी 35 वर्षीय प्रमोद शामिल हैं। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और प्रशासन ने मदद का आश्वासन दिया है।


+ There are no comments
Add yours