परौर शाहजहांपुर। खजुरी गांव मे जन्मे परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह का बलिदान दिवस उनके पैतृक गांव खजुरी मे शुक्रवार को श्रद्धा के साथ मनाया गया। माल्यार्पण समारोह और सैन्य बैंड द्वारा एक उत्कृष्ट प्रदर्शन ने सभी उपस्थित लोगों की देशभक्ति की भावना को जागृत किया। राजपूत रेजीमेंट शाहजहांपुर से आए ट्रेनिंग बटालियन कमांडर कमलदीप पनवर पवार ने परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह की प्रतिमा पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभिनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर ट्रेनिंग बटालियन कमांडर कमलदीप पनवर पवार, सूबेदार मेजर सियाराम गुर्जर, सूबेदार शिवबीर सिंह, सूबेदार विकास सिंह सूबेदार जितेंद्र सिंह सूबेदार अनिल सिंह सूबेदार सुरेंद्र सिंह चौहान, रिटायर्ड मेजर सुविधा धर्मेंद्र प्रताप सिंह, जागेश्वर प्रसाद, ग्राम विकास अधिकारी राकेश कुमार, ग्राम प्रधान कारे उर्फ बहादुर लाल शर्मा, सहित अन्य सैन्य अधिकारी गण मौजूद रहे।
नायक की भाभी ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि।
अमर शहीद नायक की भाभी गुना ने नम आंखों से पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करते-करते मेरा वेटा शहीद हो गया। जग में नाम रोशन कर गया।
स्कूली बच्चों ने दी श्रद्धांजलि।
सीपीएस पब्लिक स्कूल अस्तोली के बच्चों ने परमवीर चक्र विजेता की प्रतिमा पर बारी-बारी से पुष्प अर्पित क़र श्रद्धांजलि दी। इस दौरान ट्रेनिंग बटालियन कमांडर कमलदीप पनवर पवार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि नायक जदुनाथ सिंह जैसे वीरों के बलिदान के कारण ही आज हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। उन्होंने 1948 के युद्ध में जदुनाथ सिंह के अदम्य साहस की गाथा विस्तार से साझा की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने नायक जदुनाथ सिंह के जीवन और उनके युद्ध कौशल पर चर्चा की। कक्षा 7 के छात्र आयुष ने जब जदुनाथ सिंह की वीरगाथा को पूरे जोश और बारीकियों के साथ प्रस्तुत किया, ट्रेनिंग बटालियन कमांडर उससे बेहद प्रभावित हुए। आयुष के ज्ञान और उत्साह को देखते हुए कर्नल ने उसे 500 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उसे भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया। श्रद्धांजलि सभा के समापन पर CPS पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य रिचा शुक्ला ने अपने संदेश में कहा शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों के चरित्र में राष्ट्रवाद का बीजारोपण करना है। खजुरी की इस पावन मिट्टी पर आकर हमारे छात्र नायक जदुनाथ सिंह के त्याग की गहराई को समझ पाए हैं। हमारे बच्चे जब इन वीरों की गाथा गाते हैं, तो विश्वास होता है कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।”
श्रद्धांजलि सभा के पश्चात CPS पब्लिक स्कूल के बच्चों ने नायक जदुनाथ सिंह के पूरे गांव का भ्रमण किया। बच्चों ने उस मिट्टी को छुआ जहाँ से देश का महान सपूत निकला था। इस दौरान बच्चे नायक जदुनाथ सिंह के परिवार के सदस्यों से भी मिले और उनसे उनके बचपन के किस्से सुने। स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति की भावना जगाना और उन्हें अपने असली नायकों से परिचित कराना है। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।
110 मीटर लंबा लगेगा तिरंगा।
प्रतिमा समीप 110 मीटर लंबा तिरंगा लगने की तैयारी में आर्मी जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि अप्रैल माह तक प्रतिमा समीप तिरंगा फहराया जाएगा। और एक बड़े कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी मे बटालियन लगी हुई है।


+ There are no comments
Add yours