रेलवे प्रशासन ने नीट (NEET) परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 21 जून 2026 को कासगंज-रावतपुर-कासगंज के मध्य विशेष सवारी गाड़ी चलाने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से कासगंज, फर्रुखाबाद, कायमगंज, कन्नौज सहित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 05320 कासगंज-रावतपुर परीक्षा विशेष सवारी गाड़ी 21 जून को प्रातः 06:00 बजे कासगंज से रवाना होगी। यह ट्रेन गंजडुंडवारा, दरियावगंज, कायमगंज, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, गुरसहायगंज, कन्नौज, बिल्हौर, बर्राजपुर और मंधना होते हुए सुबह 11:05 बजे रावतपुर पहुंचेगी।
वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों की वापसी के लिए 05319 रावतपुर-कासगंज परीक्षा विशेष सवारी गाड़ी रावतपुर स्टेशन से शाम 07:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बर्राजपुर, बिल्हौर, कन्नौज, गुरसहायगंज, फतेहगढ़, फर्रुखाबाद, कायमगंज, दरियावगंज और गंजडुंडवारा होते हुए अगले दिन रात्रि 12:30 बजे कासगंज पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन ने सभी NEET परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे इस विशेष सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं तथा समय से स्टेशन पहुंचकर अपनी यात्रा सुनिश्चित करें। रेलवे का यह कदम परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


+ There are no comments
Add yours