फर्रुखाबाद। जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र में सड़क पर मक्का सुखाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट, बंधक बनाने और जबरन रुपये वसूलने के गंभीर आरोपों तक पहुंच गया। एटा जिले के एक युवक ने आरोप लगाया है कि सड़क पर बिछी मक्का पर उसकी बाइक फिसल जाने के बाद एक किसान ने पहले उसके साथ मारपीट की, फिर उसे अपने घर में बंधक बना लिया। इतना ही नहीं, इलाज का खर्च बताकर परिजनों से 32 हजार रुपये लेने के बाद ही उसे छोड़ा गया। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र के फगनौर गांव निवासी गोपाल कठेरिया को नवाबगंज क्षेत्र के नगला दमू गांव में आयोजित एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। देर शाम करीब सात बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में नया नगला गांव के पास सड़क पर मक्का सुखाई जा रही थी। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर गिर पड़े। हादसे में गोपाल और मौके पर मौजूद किसान को हल्की चोटें आईं।
पीड़ित का आरोप है कि दुर्घटना के बाद किसान आगबबूला हो गया और उसने गोपाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसकी जेब में रखे करीब पांच हजार रुपये भी छीन लिए गए। इसके बाद किसान उसे अपने घर ले गया, जहां कई घंटों तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उसके परिजनों को फोन कर बुलाया गया और इलाज के खर्च के नाम पर रुपये की मांग की गई।
बताया गया कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गोपाल के परिजन जैथरा से नवाबगंज पहुंचे। आरोप है कि किसान ने इलाज का खर्च बताते हुए उनसे 32 हजार रुपये लिए। रुपये मिलने के बाद आपसी समझौते के आधार पर गोपाल को छोड़ा गया।
रिहा होने के बाद गोपाल अपने परिजनों के साथ सीधे नवाबगंज थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। शिकायत के आधार पर सभी तथ्यों की गहनता से जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


+ There are no comments
Add yours