बेटी की शादी के लिए चाहिए थे रुपये, बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट; मोहम्मदाबाद पुलिस ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार

0 min read

फतेहगढ़/मोहम्मदाबाद

मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस ने पिता की हत्या के सनसनीखेज मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या के समय पहनी गई खून से सनी बनियान भी बरामद कर ली है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को जनपद में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस ने मुकदमा संख्या 234/2026, धारा 103(1) बीएनएस से संबंधित आरोपी श्याम सिंह उर्फ रामू, निवासी ग्राम रोहिला, थाना मोहम्मदाबाद को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 12 और 13 जुलाई की रात आरोपी ने अपने ही पिता रामदास की हत्या कर दी थी। घटना के संबंध में परिजनों की तहरीर पर 13 जुलाई को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पुत्री के विवाह में अधिक खर्च होने के कारण वह आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान था। इसी वजह से वह अपने पिता पर जमीन बेचकर रुपये देने का दबाव बना रहा था। घटना वाली रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आरोपी ने घर में रखी प्लास्टिक की कुर्सी से पिता पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घर से फरार हो गया और अपने कपड़े छिपाने का प्रयास किया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक की खून से सनी सफेद बनियान बरामद की, जिसे पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, निरीक्षक मुन्नालाल, कांस्टेबल मनीष, हेड कांस्टेबल अजयपाल तथा महिला हेड कांस्टेबल राखी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours