पुरानी रंजिश में सिर पर किया हमला, पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की; ग्रामीणों में दहशत, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
फर्रुखाबाद/कायमगंज। जनपद में पुलिस अधीक्षक की सख्त कानून-व्यवस्था की मुहिम के बावजूद दबंगों के हौसले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला थाना मेरापुर क्षेत्र के ग्राम रमापुर दबीर का है,शाम करीब 4:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया।
घायल युवक अनमोलरत्न, पुत्र शीलेन्द्र, ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। हमलावर उसे घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
हैरानी की बात यह रही कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अनमोलरत्न ने हिम्मत नहीं हारी। खून से लथपथ हालत में उसने स्वयं अपनी मोटरसाइकिल चलाई और सीधे अचरा पुलिस चौकी पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पीड़ित की हालत देखकर पुलिस भी तत्काल सक्रिय हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके घरों पर दबिश दी, लेकिन सभी आरोपी मौके से फरार मिले। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।
चौकी प्रभारी शेखर सैनी ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़ित की तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जब खुलेआम इस तरह के हमले हो रहे हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और कानून का भय अपराधियों में बना रहे।


+ There are no comments
Add yours