पंखे में दौड़ा मौत का करंट, मां को बचाने दौड़ी बेटी भी झुलसी

1 min read

चीख सुनकर दौड़े परिजन, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने 44 वर्षीय किरन देवी को मृत घोषित किया; घर में मचा कोहराम

मोहम्मदाबाद/ थाना क्षेत्र के ग्राम लखराऊआ में दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। तूफानी पंखे में अचानक बिजली का करंट उतरने से 44 वर्षीय किरन देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। मां की चीख-पुकार सुनकर उन्हें बचाने के लिए दौड़ी बेटी राखी भी करंट की चपेट में आ गई और झुलस गई।

बताया गया कि सोमवार दोपहर किरन देवी घर में थीं। इसी दौरान तूफानी पंखे में अचानक बिजली का करंट उतर आया। पंखे के संपर्क में आते ही किरन देवी करंट की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। उनकी चीख सुनकर बेटी राखी मां को बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी बिजली के करंट की चपेट में आकर झुलस गई।

हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने आनन-फानन में किरन देवी को उपचार के लिए फर्रुखाबाद पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे में झुलसी बेटी राखी का उपचार कराया गया। घटना के बाद पूरे लखराऊआ गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अचानक हुए इस हादसे से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours