हाईवे पर मौत का तांडव! अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर ही थम गईं सांसें

1 min read

साढ़ू के घर से लौट रहे 46 वर्षीय भूपाल सिंह की दर्दनाक मौत, टक्कर मारकर वाहन चालक फरार; परिवार में मचा कोहराम

मोहम्मदाबाद/ इटावा-बरेली हाईवे पर दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। खिमसेपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार 46 वर्षीय भूपाल सिंह यादव उर्फ भूरे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार सड़क पर कई मीटर तक घिसटता चला गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।

मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नदौरा निवासी ज्ञान सिंह के पुत्र भूपाल सिंह यादव मंगलवार को थाना क्षेत्र के ग्राम दाऊदपुर बखरिया स्थित अपने साढ़ू के घर गए थे। दोपहर करीब तीन बजे वह बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह खिमसेपुर के प्राथमिक जूनियर विद्यालय के पास इटावा-बरेली हाईवे पर पहुंचे, तभी सामने से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भूपाल सिंह बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और कई मीटर तक घिसटते चले गए। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी मुन्ना लाल ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

खेती कर परिवार पालते थे भूपाल

भूपाल सिंह कृषि कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र सचिन 25 वर्ष का है और विवाहित है, जबकि छोटा पुत्र प्रांशु 16 वर्ष का है। भूपाल सिंह चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे।

मौत की खबर सुनते ही मचा कोहराम

हादसे की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। मां कंठश्री और पत्नी नेमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी घटना की खबर फैलते ही मातम छा गया। ग्रामीणों ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए फरार वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किए जाने की मांग की।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours