सीट को लेकर छिड़ा संग्राम! रोडवेज बस में यात्री को थप्पड़ मारने का आरोप, परिजनों ने बस घेरकर चालक से की खींचतान

1 min read

फर्रुखाबाद/फर्रुखाबाद डिपो की दिल्ली जा रही रोडवेज बस में सीट पर बैठने को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते सड़क पर हंगामे में बदल गया। यात्री ने बस चालक पर गाली-गलौज करने और थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। जानकारी मिलते ही यात्री के परिजन रोडवेज बस स्टैंड पहुंच गए और चालक से भिड़ गए। इसके बाद बस को घेरकर जमकर हंगामा किया गया। इस दौरान एक परिजन ने खिड़की पर चढ़कर चालक को नीचे खींचने का प्रयास किया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

बताया गया कि शहर निवासी सौरभ दिल्ली जाने के लिए फर्रुखाबाद डिपो की बस में सवार हुआ था। सौरभ के अनुसार बस में पीछे की कई सीटें खाली थीं, जबकि आगे की ओर भी एक सीट खाली दिखाई दी। वह उसी सीट पर जाकर बैठ गया। आरोप है कि चालक ने उसे वहां बैठने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

सौरभ का आरोप है कि चालक ने उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद यात्री ने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी। परिजन तत्काल रोडवेज बस स्टैंड पहुंच गए। उस समय तक चालक बस लेकर फतेहगढ़ मार्ग की ओर निकल चुका था।

परिजनों ने बस का पीछा किया और पेट्रोल पंप के पास बस को घेर लिया। बस रुकते ही चालक और यात्री के परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और खींचतान तक पहुंच गया। हंगामे के दौरान एक परिजन बस की खिड़की पर चढ़ गया और चालक को नीचे खींचने का प्रयास करने लगा। इससे सड़क पर मौजूद राहगीरों में भी कौतूहल मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

काफी देर तक चले हंगामे के बीच बस चालक ने किसी तरह बस को वहां से आगे बढ़ाया और वापस बस स्टैंड की ओर दिल्ली मार्ग पर ले गया। घटना के कारण कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। बस में मौजूद यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मामला सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। यात्री द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर रोडवेज अधिकारियों से शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि चालक की ओर से इस संबंध में क्या पक्ष है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours