ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरका कमालगंज, 11 फुट के बप्पा के स्वागत में उमड़ा भक्तों का सैलाब

1 min read

फूलों की बारिश, जमकर आतिशबाजी और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजा कस्बा—दर्शन को उमड़ी करीब एक हजार श्रद्धालुओं की भीड़

कमालगंज/ गणेश महोत्सव को लेकर कमालगंज कस्बे में शाम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पूरे माहौल को गणेशमय कर दिया। फर्रुखाबाद से करीब 11 फुट ऊंची भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा जैसे ही कमालगंज पहुंची, श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों की गूंज, जयकारों और पुष्पवर्षा के बीच बप्पा का जोरदार स्वागत किया। प्रतिमा के दर्शन और स्वागत के लिए करीब एक हजार श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए। चारों तरफ गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंजते रहे और भक्त डीजे की धुन पर जमकर थिरकते नजर आए।

गणेश सेवा समिति के अध्यक्ष अमित गुप्ता की अगुवाई में शाम करीब पांच बजे बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमा लेने फर्रुखाबाद के लिए रवाना हुए। करीब तीन घंटे बाद रात आठ बजे प्रतिमा कमालगंज पहुंची। बप्पा के कस्बे में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान गणेश का अभिनंदन किया।

प्रतिमा के स्वागत के दौरान जमकर आतिशबाजी की गई। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच युवाओं और श्रद्धालुओं ने नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया। बप्पा की एक झलक पाने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुट गई। घरों की छतों, दुकानों और सड़क किनारे खड़े लोगों ने भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा के दर्शन किए। कई दुकानदार भी अपने प्रतिष्ठान छोड़कर बप्पा के स्वागत में शामिल हो गए।

समिति अध्यक्ष अमित गुप्ता ने बताया कि इस बार कमालगंज में करीब 11 फुट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की जा रही है। फर्रुखाबाद से लाई गई इस भव्य प्रतिमा की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है। प्रतिमा के आगमन के साथ ही गणेश महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया है।

कई दिन से चल रही थी बप्पा के स्वागत की तैयारी

गणेश महोत्सव को भव्य बनाने के लिए कमालगंज में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। कस्बे के प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। जगह-जगह भगवान गणेश के पीले झंडे लगाए गए हैं। भव्य पंडाल तैयार करने के साथ ही रंग-बिरंगी झालरों और रोशनी से पूरे क्षेत्र को सजाया गया है।

प्रतिमा के पहुंचने के बाद अब आयोजन को अंतिम रूप देने में समिति के सदस्य जुट गए हैं। रविवार को हवन-पूजन और विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की स्थापना की जाएगी। इसके बाद कई दिनों तक गणेश महोत्सव के दौरान धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है।

बप्पा के भव्य आगमन से कमालगंज का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। श्रद्धालुओं में गणेश महोत्सव को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई बप्पा के स्वागत में उत्साहित नजर आया।

गणपति बप्पा मोरया… मंगल मूर्ति मोरया के जयघोष से गूंजता कमालगंज देर रात तक गणेश भक्ति में सराबोर रहा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours