गौशाला में सेवा-संकल्प, नगर पंचायत पहुंचते ही उठे सवालों के बाण!

1 min read

गौशाला में सेवा-संकल्प, नगर पंचायत पहुंचते ही उठे सवालों के बाण!

विधायक ने गौवंश को खिलाया गुड़-फल, किया गौशाला का निरीक्षण; सभासदों ने बोर्ड बैठक न होने और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी

शमशाबाद/नगर पंचायत शमशाबाद की कान्हा गौशाला में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरभि और शासन द्वारा नामित सभासद जितेंद्र कुमार शाक्य ने गौशाला पहुंचकर पहले पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और परिसर में वृक्षारोपण किया। इसके बाद गौवंश का तिलक कर उन्हें फल और गुड़ खिलाया गया तथा अंगवस्त्र पहनाकर सेवा-संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के बाद विधायक ने गौशाला का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई की स्थिति, गोदाम और स्टॉक रूम की व्यवस्थाओं को देखा तथा वहां रखी सामग्री की गुणवत्ता का जायजा लिया। विधायक ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार यादव को गौशाला में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और गौवंश की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गौशाला के बाद नगर पंचायत कार्यालय में गरमाया मुद्दा

गौशाला निरीक्षण के बाद विधायक नगर पंचायत कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने नगरवासियों और सभासदों की समस्याएं सुनीं। इसी दौरान नगर पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर सभासदों ने कई सवाल उठाए।

मोहल्ला इमादपुर थमरई के सभासद उमेश कुमार, मोहल्ला जटपुरा के सभासद विक्रम सिंह तथा शासन द्वारा नामित सभासद राम लड़ैते दिवाकर समेत अन्य सभासदों ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली से संबंधित समस्याएं विधायक के सामने रखीं।

सभासदों ने कहा कि उनके अनुसार नगर पंचायत अध्यक्ष जोया शाह फारुकी के शपथ ग्रहण के बाद अब तक केवल एक बोर्ड बैठक हुई है। इसके बाद बोर्ड की बैठक नहीं बुलाई गई। सभासदों का कहना था कि बोर्ड बैठक नियमित रूप से न होने के कारण नगर की समस्याओं, विकास कार्यों और प्रस्तावों पर सामूहिक चर्चा प्रभावित हो रही है।

गंदगी, जलभराव और टूटी सड़कों का भी उठा मुद्दा

सभासदों ने नगर की जमीनी स्थिति बताते हुए कहा कि कई मोहल्लों में गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है। जगह-जगह गंदा पानी भरा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कई सड़कें भी क्षतिग्रस्त हैं, जिससे नगरवासियों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सभासदों ने सफाई व्यवस्था में तेजी लाने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त सड़कों और जलभराव की समस्या के समाधान की मांग रखी। उन्होंने विधायक से नगर पंचायत की बोर्ड बैठक जल्द बुलाए जाने की मांग की, ताकि नगर के विकास कार्यों और लंबित समस्याओं पर बोर्ड के समक्ष चर्चा कर आवश्यक प्रस्ताव पारित किए जा सकें।

विधायक ने सुनीं शिकायतें, अधिकारियों से ली जानकारी

विधायक डॉ. सुरभि ने सभासदों और नगरवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने नगर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और गौशाला में गौवंश की उचित देखभाल पर जोर दिया।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष आदेश शाक्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष राम लखन राजपूत, प्रधान अनुज राजपूत, सोरन राजपूत, पर्वत सिंह राजपूत, साधु राजपूत, सभासद विक्रम सिंह, नामित सभासद राम लड़ैते दिवाकर, मिथुन कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

गौवंश संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के संदेश के साथ शुरू हुआ कार्यक्रम नगर पंचायत कार्यालय पहुंचते ही स्थानीय समस्याओं और बोर्ड बैठक को लेकर उठे सवालों के कारण चर्चा में रहा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours