किसानों की ताकत होगी एकजुट! फर्रुखाबाद में संयुक्त मोर्चे की कवायद तेज, 12 किसान संगठनों ने भरी हुंकार

1 min read

फर्रुखाबाद/जनपद में किसानों के हितों की लड़ाई को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को कानपुर रोड स्थित कमालगंज बघार के पास तनया होटल में भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में विभिन्न किसान संगठनों की एक महत्वपूर्ण सामूहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के करीब 12 किसान संगठनों के जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा किसानों से जुड़े मुद्दों पर गहन मंथन किया।

बैठक के दौरान मौजूद किसान नेताओं ने सरकार और प्रशासन की कथित किसान विरोधी कार्यशैली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान तभी संभव है, जब सभी किसान संगठन एक मंच पर आकर मजबूती के साथ अपनी आवाज बुलंद करें। इसी उद्देश्य से संयुक्त किसान मोर्चा के गठन का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर उपस्थित सभी संगठनों ने अपनी सहमति जताई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिन किसान संगठनों के जिलाध्यक्ष किसी कारणवश बैठक में शामिल नहीं हो सके, उन्हें साथ लेकर जल्द ही एक और बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद औपचारिक रूप से संयुक्त किसान मोर्चा का गठन कर दिया जाएगा, जिससे जिले में किसानों के अधिकारों और हितों के लिए एकजुट होकर संघर्ष किया जा सके।

किसान नेताओं ने कहा कि यह संयुक्त मोर्चा किसानों की समस्याओं, फसलों के उचित मूल्य, सिंचाई, बिजली, खाद-बीज, आवारा पशुओं और अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर प्रभावी रणनीति तैयार करेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर व्यापक आंदोलन भी किया जाएगा।

बैठक में भारतीय किसान यूनियन अखंड प्रदेश के राजेश कुमार उर्फ बबलू दीक्षित, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव नरेंद्र सिंह सोमवंशी, भारतीय किसान यूनियन बलराज के जिलाध्यक्ष कुलदीप यादव, सत्यवान झा सहित विभिन्न किसान संगठनों के जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक का समापन किसानों की एकजुटता के संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित नेताओं ने “जय जवान, जय किसान, जय सनातन” के उद्घोष के साथ किसान हितों की लड़ाई को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours