गंगलऊ परमनगर के पास पोल संख्या 153/3 पर मिला करीब 25 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव, ग्रामीणों ने की पहचान; मानसिक हालत ठीक न होने की बात सामने आई
नवाबगंज/थाना क्षेत्र के गंगलऊ परमनगर गांव के पास सुबह रेलवे लाइन पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे पटरी के किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया गया कि सोमवार सुबह करीब सवा आठ बजे रेलवे के केमैन ने शमसाबाद स्टेशन पहुंचकर रेलवे लाइन पर युवक का शव पड़े होने की सूचना दी। स्टेशन मास्टर पुत्तन लाल ने तत्काल जीआरपी, डायल 112 पुलिस और संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास शुरू किया।
शुरुआती दौर में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने आसपास के गांवों के ग्रामीणों से पूछताछ की। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक की पहचान कांधेमई निवासी करीब 25 वर्षीय करन पुत्र कैलाश शाक्य के रूप में की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि करन की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही थी। सोमवार रात वह घर में सोया था। सुबह किसी समय वह घर से निकल गया। परिजनों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसी बीच रेलवे लाइन पर युवक का शव मिलने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे तो शव देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बाद में उन्होंने शव की पहचान करन के रूप में की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक रात के समय किसी ट्रेन की चपेट में आ गया होगा। ट्रेन की चपेट में आने से उसका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगी।
पुलिस ने स्टेशन मास्टर की सूचना के आधार पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।


+ There are no comments
Add yours