तिलहर शाहजहांपुर*
क्षेत्र के गांव फतेहपुर गैसरा निवासी प्रद्युम्न यादव ‘बब्लू’ के पुत्र कार्तिकेय यादव ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट में सफलता हासिल कर परिवार के साथ ही क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कार्तिकेय का चयन राजकीय मेडिकल कॉलेज, हरदोई में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और बधाई देने वालों का तांता लग गया।
कार्तिकेय यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और दादा धीरेंद्र सिंह यादव को देते हुए कहा कि परिवार के निरंतर प्रोत्साहन, मार्गदर्शन और मेहनत की प्रेरणा से वह अपने लक्ष्य को हासिल कर सके। उन्होंने कहा कि डॉक्टर बनने का सपना पूरा करने की दिशा में यह उनके लिए महत्वपूर्ण पड़ाव है और आगे भी पूरी लगन से अध्ययन कर समाज की सेवा करना उनका लक्ष्य रहेगा।
कार्तिकेय की सफलता की खबर मिलते ही परिजनों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसे गांव के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कार्तिकेय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों का कहना है कि मेहनत और लगन से पढ़ाई करने वाले युवाओं के लिए कार्तिकेय की सफलता प्रेरणादायी है।
इस उपलब्धि पर जिला पंचायत अध्यक्ष पति अजय प्रताप यादव, विधायक सलोना कुशवाहा, पूर्व विधायक राजेश यादव, ब्लॉक प्रमुख कविता यादव, जिला पंचायत सदस्य पति झब्बू सिंह यादव, भाजपा महामंत्री अरुण यादव ‘चैनू’ तथा व्यापार मंडल नेता सौरभ गुप्ता ‘रवि’ ने हर्ष व्यक्त करते हुए कार्तिकेय यादव और उनके परिवार को बधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि क्षेत्र के युवा इसी तरह शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर तिलहर का नाम रोशन करें।
रिपोर्ट धर्मेंद्र यादव


+ There are no comments
Add yours