सरदार पटेल की प्रतिमा स्थल को क्षतिग्रस्त करने व हटाने की योजना पर कुर्मी समाज में भारी रोष
बैठक कर भारतीय पटेल महासभा ने सुनीता लॉन में बैठक कर दर्ज कराया कड़ा विरोध, निर्माण कंपनी की मनमानी पर आंदोलन की चेतावनी।
बदायूँ।भारतीय पटेल महासभा एवं कुर्मी समाज ने पटेल चौक स्थित देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थल पर निर्माण कंपनी द्वारा की जा रही तोड़फोड़ और प्रतिमा को हटाने की साजिश पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को पटेल चौक स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के चबूतरे व फर्श को एनएचएआई (NHAI) निर्माण कंपनी द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जब समाज के प्रतिनिधियों को उक्त निर्माण कंपनी द्वारा सरदार पटेल की प्रतिमा को हटाने की सूचना मिली, तो समाज में तीव्र रोष फैल गया।
इस विषय को लेकर जब भारतीय पटेल महासभा के पदाधिकारियों ने निर्माण कंपनी के सब-इंजीनियर मोहम्मद मुदस्सिर से फोन पर वार्ता की, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से प्रतिमा को हटाए जाने की बात कही। निर्माण कंपनी की इस तानाशाही और ऐतिहासिक धरोहर व राष्ट्रनायक के अपमान को लेकर पूरे कुर्मी समाज एवं क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
कुर्मी समाज एवं भारतीय पटेल महासभा के पदाधिकारियों ने निर्माण कार्य के दौरान हुई इस क्षति का कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संगठन ने दो-टूक चेतावनी देते हुए कहा है कि राष्ट्र निर्माता सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उसे हटाने का प्रयास कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कंपनी ने अपनी मनमानी बंद नहीं की और क्षतिग्रस्त स्थल का तत्काल पुनर्निर्माण नहीं कराया, तो समस्त समाज सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था एवं संबंधित प्रशासन की होगी।बैठक में कुलदीप पटेल एडवोकेट,रवीश पटेल उर्फ टिंकू,नरेश पटेल,बृजकिशोर पटेल, विजेन्द्र सिंह पटेल,शिवेन्द्र पटेल एडवोकेट,सुदीप पटेल एडवोकेट, प्रदीप सिंह पटेल एडवोकेट, सतीश चन्द्र सिंह पटेल, रूपेन्द्र पटेल,यशपाल पटेल, प्रेमपाल पटेल , महेश पटेल, सत्येन्द्र पटेल, सुजान पटेल, काली चरन पटेल, आशीष पटेल, पुष्पेन्द्र पटेल एवं देवेन्द्र पटेल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


+ There are no comments
Add yours