शादी से मात्र दो दिन पूर्व प्रेमी ने दुल्हन की गोली मारकर की हत्या

1 min read

हरदोई में शादी से दो दिन पहले प्रेमी ने दुल्हन की गोली मारकर हत्या कर दी। छात्रा अपनी मां और छोटी बहन के साथ छत पर सो रही थी। आरोपी युवक अपने चचेरे भाई के साथ सोमवार रात 3 बजे पहुंचा। दुल्हन को खींचकर ले जाने लगा। दुल्हन ने विरोध किया तो तमंचे से सीने पर गोली मार दी। परिजन बेटी को हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मल्लावा थाना क्षेत्र के गांव जरेरा निवासी नवरंग सिंह राजपूत किसान हैं। उनके 6 बेटे-बेटियां हैं। तीसरे नंबर की बेटी संगीता राजपूत (22) डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) प्रथम वर्ष की छात्रा थी। उसकी शादी एक साल पहले बिलग्राम के माया प्रकाश (25) से तय हुई थी। 15 मई को बारात आनी थी। परिजनों ने बताया कि मेरी बेटी की दो दिन बाद बारात थी। बेटी दो साल पहले अपने ननिहाल कन्नौज के बद्दापुरवा गई थी। वहीं पर उसकी मुलाकात गांव के ही प्रेमचंद से हुई थी। प्रेमचंद संगीता से प्यार करता था। वह बेटी से शादी करना चाहता था। प्रेमचंद हलवाई का काम करता है। हम लोगों को रिश्ता मंजूर नहीं था। जब से उसको संगीता की शादी तय होने की बात पता चली थी, वो उसको परेशान कर रहा था। फोन करके धमकाता था। कहता था, तेरी ससुराल में फोन करके बता देंगे। दुल्हन की मां लक्ष्मी ने बताया कि मैं अपनी बेटी संगीता और साधना के साथ छत पर सो रही थी। रात करीब 3 बजे घर के बगल में बने मंदिर के सहारे प्रेमचंद अपने साथी दिनेश के साथ पहुंचा। दोनों के हाथ में तमंचा था। वह संगीता को खींचकर ले जाने लगा। हम लोग उसको रोकने लगे तो आरोपियों ने हम लोगों के साथ मारपीट की। प्रेमचंद मेरी बेटी का गला दबाने लगा। मैं और साधना शोर मचाकर सबको बुलाने लगे।

यह देख प्रेमचंद ने संगीता के सीने में गोली मार दी और भाग गया। बेटी बेहोश होकर वहीं गिर गई। गोली की आवाज सुनकर परिवार के और लोग मौके पर पहुंचे। संगीता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours