सोलर पैनल बदलवाकर घर लौट रहा युवक हादसे का शिकार, सड़क पर बाइक पलटते ही मची चीख-पुकार

1 min read

नवाबगंज-अचरा मार्ग पर अचानक दुर्घटना से घायल हुआ युवक, एंबुलेंस ने पहुंचाया सीएचसी; मोबाइल से परिजनों को दी गई सूचना

नवाबगंज/फर्रुखाबाद नवाबगंज-अचरा मार्ग पर सोमवार शाम एक बाइक सवार युवक सड़क हादसे में घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज में भर्ती कराया गया, जहां फार्मासिस्ट ने उसका प्राथमिक उपचार किया।

मेरापुर थाना क्षेत्र के रशूलपुर पिलखना गांव निवासी योगेंद्र सिंह पुत्र रमेश चंद सोमवार को मोटरसाइकिल से नवाबगंज आए थे। बताया गया कि वह अपना सोलर पैनल बदलवाने के लिए आए थे। काम निपटाने के बाद वह बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे।

शाम करीब पांच बजे जैसे ही वह नवाबगंज-अचरा मार्ग पर पहुंचे, तभी उनकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में योगेंद्र सिंह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी एंबुलेंस को दी।

कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सीएचसी नवाबगंज ले जाया गया। अस्पताल में फार्मासिस्ट सर्वेश श्रीवास्तव ने घायल का प्राथमिक उपचार किया।

हादसे के बाद घायल के पास मिले मोबाइल फोन के माध्यम से उसके परिजनों को घटना की सूचना दी गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में सीएचसी पहुंचे और योगेंद्र सिंह का हालचाल जाना। फिलहाल हादसे में युवक को चोटें आने की बात सामने आई है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours