8 लीटर अवैध शराब और 360 किलो लहन बरामद, मौके पर नष्ट कराया लहन; दो मुकदमे दर्ज
कायमगंज/ अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने कायमगंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। आबकारी टीम ने ग्राम नरसिंहपुर में कई संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर 8 लीटर अवैध कच्ची शराब और 360 किलोग्राम लहन बरामद किया।
आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिले में अवैध मदिरा के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के पर्यवेक्षण में मंगलवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने स्टाफ के साथ कायमगंज क्षेत्र के ग्राम नरसिंहपुर में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान टीम को संदिग्ध स्थानों से अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में शराब बनाने के लिए तैयार किया गया 360 किलो लहन भी मिला। आबकारी टीम ने बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट करा दिया, जिससे अवैध शराब के निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ने से रोका जा सके।
मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत दो अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। विभाग की कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग द्वारा संदिग्ध स्थानों पर निगरानी और दबिश की कार्रवाई तेज किए जाने की बात कही गई है।


+ There are no comments
Add yours